Maharajganj News : पंचायत भवन में हंगामा ! ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान पति में टकराव, फाड़े सरकारी दस्तावेज

14 Oct 2025 12:36:56

महराजगंज। विकास खंड बृजमनगंज के ग्राम पंचायत पिपरा परसौनी में सोमवार को ग्राम विकास अधिकारी प्रमोद कुमार सोनी और ग्राम प्रधान पति दिनेश यादव के बीच विवाद हो गया। ग्राम प्रधान पति पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है।

इस प्रकरण में ग्राम विकास अधिकारी ने थानाध्यक्ष कोल्हुई को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस त्वरित ग्राम प्रधान पति के खिलाफ केस दर्ज जांच पड़ताल शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम विकास अधिकारी प्रमोद कुमार सोनी, जो मूल रूप से जनपद जौनपुर के ग्राम इमामपुर निवासी हैं। वर्तमान में विकास खंड बृजमनगंज में तैनात हैं।

यह भी पढ़ें : जिले में जेडी का औचक निरीक्षण, चार अस्पतालों में मचा हड़कंप, खुले कई राज

उन्होंने कोल्हुई पुलिस को दिए गए तहरीर में आरोप लगाया है कि वह सोमवार दोपहर ग्राम पंचायत पिपरा परसौनी में पंचायत भवन पर सरकारी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम प्रधान अनुराधा यादव के पति दिनेश यादव वहां पहुंचे और अपनी पत्नी के फर्जी हस्ताक्षर कराकर कार्य कराने का दबाव बनाने लगे।

ग्राम विकास अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया तो ग्राम प्रधान पति दिनेश यादव आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए और धमकी दी कि अभी आकर बताता हूं।

प्रभारी निरीक्षक कोल्हुई गौरव कुमार कन्नौजिया ने बताया कि आरोपी ग्राम प्रधान पति दिनेश यादव के विरुद्ध केस दर्ज जांच पड़ताल की जा रही है।


Powered By Sangraha 9.0