महराजगंज। महराजगंज महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले अंतरविद्यालयी सांस्कृतिक कार्यक्रम की स्क्रीनिंग प्रक्रिया बुधवार को जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में संपन्न हुई।
इस अवसर पर जिले के 40 से अधिक विद्यालयों के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। स्क्रीनिंग में एकल नृत्य और समूह नृत्य श्रेणियों में प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
एकल नृत्य में 60 से अधिक बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं, जबकि समूह नृत्य में 10 विद्यालयों के लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों और निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। निर्णायक मंडल ने मंच प्रस्तुति, परिधान, नृत्य की शैली और समग्र प्रभावोत्पादकता के आधार पर मूल्यांकन किया।
चयनित प्रतिभागियों को आगामी महराजगंज महोत्सव के मुख्य मंच पर अपनी कला प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम का संचालन पंकज मौर्या ने कुशलतापूर्वक किया, जिसने स्क्रीनिंग प्रक्रिया को और आकर्षक बनाया। आयोजन के दौरान अनुशासन और उत्साह का बेहतरीन समन्वय देखने को मिला।