घुघली। स्थानीय थाना क्षेत्र में एक ही विद्यालय में पढ़ने वाली तीन अलग अलग गांवोें की तीन सहेलियां रहस्यमय ढंग से लापता हो गईं। कॉल डिटेल, इंस्टाग्राम खंगालने के बाद भी पुलिस को इसका सुराग नहीं मिल पा रहा है। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर किशोरियों को ढूंढने की गुहार लगाई है।
इस लेकर क्षेत्र में चर्चा है कि किशोरियां कहां हैं, जिनको ढूंढने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। क्षेत्र में लोग दबी जुबान स्कूल प्रबंधक को भी दोषी मान रहे हैं। वैसे पुलिस इसके लिए कई जगहों पर छापेमारी कर रही हैं।
बताया गया है कि 17 अक्तूबर को तीनों सहेलियां जखिरा स्थित एक कॉलेज में पढ़ने के लिए घर से निकलीं। परिजनों का आरोप है, कि वह देर रात तक वापस घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। मगर उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने घुघली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना पर पुलिस तत्काल रिपोर्ट दर्ज करते हुए सक्रिय हो गई और छापेमारी शुरू कर दी, लेकिन चार दिन बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। इधर पुलिस संभावित जगहों पर छापेमारी रही हैं। मोबाइल तकनीक के सहारे उनका लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
थानाध्यक्ष घुघली कुंवर गौरव सिंह ने कहा कि काल डिटेल के आधार पर कार्रवाई चल रही थी लेकिन सब विफल हो गया। अब उसके संभावित जगहों पर छापा मारा जा रहा है। जल्दी ही पुलिस पता लगा लेगी। स्कूल प्रबंधक ने कहा कि बच्चियां उस दिन हमारे यहां पढ़ने नहीं आईं। लेकिन कभी भी इस तरह की कोई एक्टिविटी दिखाई नहीं देती थी। क्या बताया जाय कि उन बच्चियों को किसने बहकाया।