Maharajganj News : लव मैरिज की सजा ! दीपावली की रात दंपत्ति के साथ हुआ ये कांड

24 Oct 2025 10:48:47

परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम बरगदवां उजारी टोला में दीपावली की रात प्रेम विवाह करने वाले दंपती पर जातिगत आधार पर हमला कर दिया गया।

आरोप है कि पटीदारों ने पति को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया और पत्नी के कपड़े फाड़ने की कोशिश की। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता प्रियंका ने बताया कि वह अनुसूचित जाति की है। करीब एक वर्ष पहले उसने अपने ही गांव के धीरेंद्र सिंह से प्रेम विवाह किया था।

यह भी पढ़ें : अब नहीं लगाने पड़ेंगे ऑफिस के चक्कर, आधार से ऐसे बदलें अपने DL और RC का नंबर

विवाह के बाद दोनों पति-पत्नी शांति से जीवन यापन कर रहे थे लेकिन जातिगत भेदभाव के कारण धीरेंद्र के पटीदार उनके संबंधों से खुश नहीं थे।

प्रियंका का आरोप है कि उनके पति के पटीदार गया सिंह, शैलेश सिंह, पप्पू सिंह और श्रीकांत अक्सर उन्हें धमकाते रहते थे कि दलित लड़की को छोड़ दो, नहीं तो जान से मार देंगे।

20 अक्तूबर की रात जब दंपती अपने घर के बाहर दिया जला रहे थे तभी चारों आरोपी लाठी-डंडे से लैस होकर वहां पहुंचे और गालियां देने लगे। विरोध करने पर उन्होंने धीरेंद्र को पीटना शुरू कर दिया। जब वह बीच-बचाव करने गई तो आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ने की कोशिश की। चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर वहां से भाग निकले।

घटना में धीरेंद्र के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर गया सिंह, शैलेश सिंह, पप्पू सिंह और श्रीकांत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


Powered By Sangraha 9.0