 परतावल।
परतावल। विकास खंड के ग्राम प्रधानों ने गुरुवार की सुबह खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार यादव के खिलाफ प्रदर्शन किया। नाराज प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय का मुख्य गेट बंद कर नारेबाजी की। इस दौरान प्रधानों ने “बीडीओ की तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाते हुए उनके के खिलाफ आक्रोश जताया।
प्रधानों ने आरोप लगाया कि बीडीओ विकास कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहे हैं और मनरेगा सहित अन्य विकास योजनाओं में कमीशन की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि जो प्रधान कमीशन देने से इंकार करता है, बीडीओ उसके खिलाफ जांच कराने और कार्य रुकवाने की धमकी देते हैं।
 
विरोध कर रहे प्रधानों ने कहा कि बीडीओ के मनमानी रवैए से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। प्रधानों ने चेतावनी दी कि यदि बीडीओ के रवैए में सुधार नहीं हुआ तो वे व्यापक आंदोलन करेंगे।
 इस दौरान ग्राम प्रधान विवेक पटेल, बलवंत, अमित सिंह, लालजी चौधरी, साबिर खान, मुनीब सिंह, मनोज, सुधाकर व अन्य मौजूद रहे। खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि कमीशन की बात निराधार है। प्रधानों से मिल कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली जाएगी।