Gorakhpur News : गुरु बना दरिंदा ! छात्रा से पूछा- अकेली हो? फिर करने लगा ऐसी शर्मनाक हरकत

13 Nov 2025 09:44:05

गोरखपुर।
रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। घर में दो साल से ट्यूशन पढ़ाने आ रहे टीचर ने 15 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़खानी की। छात्रा ने शोर मचाया तो आरोपी भाग गया।

छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़खानी, धमकी देने के साथ पॉस्को एक्ट की धारा में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

मामला बीते सोमवार का है। छात्रा के पिता ने बताया कि वह इलेक्ट्रीशियन हैं और पत्नी गृहिणी हैं। बेटी इंग्लिश मीडियम स्कूल में नौवीं की छात्रा है।

दो साल पहले उन्होंने पड़ोसी के कहने पर ठूठीबारी, महराजगंज निवासी आलोक यादव को ट्यूशन पढ़ाने के लिए रखा। वह रामगढ़ताल क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता है और घरों में जाकर ट्यूशन पढ़ाता है।

उन्होंने बताया कि नौ नवंबर की दोपहर वह पत्नी के साथ अस्पताल में भर्ती अपनी बहन को देखने गए थे। इस दौरान बेटी घर पर अकेली थी। इसी बीच आलोक पढ़ाने आया। छात्रा के मुताबिक, उसने पूछा कि घर पर कोई नहीं है। जब छात्रा ने बताया कि माता-पिता अस्पताल गए हैं तो वह पढ़ाई छोड़कर मजाक करने लगा। कुछ देर बाद वह छात्रा के साथ छेड़खानी करने लगा।

विरोध करने पर आरोपी ने उसे बदनाम करने की धमकी दी। छात्रा ने किसी तरह खुद को छुड़ाया और शोर मचाया तो आरोपी भाग निकला। घर पहुंचने पर छात्रा ने आपबीती बताई।


Powered By Sangraha 9.0