Maharajganj News : पति विदेश में-पत्नी झूल गयी फंदे से, आखिर क्या है इसके पीछे का सच

15 Nov 2025 10:38:24

परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा धनहा नायक निवासी 35 साल की सभ्या का शव शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे घर में फंदे से लटका मिला। घटना के समय घर में कोई नहीं था। बाद में दरवाजा तोड़कर परिजनों ने शव को फंदे से उतारा।

मृतका की बहन का कहना है कि उसने कई माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से लोन ले रखा था और कंपनी के कर्मचारी लोन जमा करने के लिए दबाव बना रहे थे। इससे वह परेशान रहती थी।

उधर, परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार की तैयारी में थे। इसी बीच किसी ने डायल 112 पर सूचना दे दी। थोड़ी ही देर में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों में लोन और परेशान किए जाने संबंधित कोई शिकायत पुलिस में नहीं की है।

यह भी पढ़ें : अब सफर की राह आसान ! व्हाट्सएप चैटबाट से बस एक क्लिक दूर होंगी रोडवेज की तमाम जानकारियां

जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा धनहा नायक निवासी मुन्ना दो माह पूर्व काम के सिलसिले में विदेश गया है। घर पर पत्नी सभ्या (35) और तीन बच्चे लक्ष्मी (12), अंश (9) और विराट (7) रहते हैं। सभ्या परतावल चौराहे पर एक चाय की दुकान पर काम करती थी। शुक्रवार सुबह लगभग आठ बजे उसने खाना बनाने के बाद बच्चों को भोजन कराया। इसके बाद बच्चे बाहर खेलने चले गए। परिवार के अन्य सदस्य धान की कटाई करने गए थे।

नौ बजे के लगभग बच्चे खेलकर वापस आए तो घर का दरवाजा बंद मिला। बच्चों ने काफी आवाज दी पर दरवाजा नहीं खुला। तब आसपास के लोग और परिजन पहुंचे और किसी अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़ा तो अंदर सभ्या की लाश छत की कुंडी से लटकती दिखी। आनन फानन में लोगों ने उसे नीचे उतारा पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सभ्या की बहन संगम के अनुसार उसने आधा दर्जन से अधिक माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से लोन लिया था।

कंपनी के कर्मचारी आए दिन आकर लोन जमा करने के लिए दबाव बना रहे थे। घर पर मौजूद दर्जनों महिलाओं ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी रात को भी घर पर आ जाते हैं और घंटों पैसा जमा करने के लिए परेशान करते रहते हैं। पैसा जमा नहीं करने पर अपशब्द बोलते हुए धमकी देते हैं। लोगों का कहना है कि समूह के लोन को लेकर वह काफी परेशान रहा करती थी। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।


Powered By Sangraha 9.0