Gorakhpur News : दो बच्चों का पिता बना 'कुंवारा' दूल्हा, छह महीने बाद सामने आयी ये चौंकाने वाली सच्चाई

19 Nov 2025 19:48:57

गोरखपुर। गोरखपुर के पीपीगंज से एक हैरान कर देना वाला मामला सामने आया है, जहाँ दो बच्चों के पिता ने खुद को कुवांरा बताकर दूसरी शादी कर ली। शादी के छह महीने बाद जब उसकी नयी पत्नी को यह राज पता चला कि उसका पति पहले से विवाहित है और पहली पत्नी से तलाक का मामला कोर्ट में लंबित है तो उसने पीपीगंज थाने में तहरीर दी। पुलिस ने कल्याणपुर टोला रमवापुर निवासी विवेक कुमार समेत पांच लोगों पर केस दर्ज कर जांच कर रही है।

गुलरिहा क्षेत्र की रहने वाली अन्नू साहनी से विवेक ने दूसरी शादी की थी। अन्नू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शहर के होटल विवेक में आयोजित सामूहिक विवाह में विवेक ने उसके साथ शादी की थी। उसके पिता दहेज में नकदी और जेवर भी दिए थे।

यह भी पढ़ें : साँपों की दहशत के बीच 'साहनी रक्षक' का रोमांचक रेस्क्यू ! साँपों को घर से जंगल तक पहुँचाने की मुहिम

ससुराल पहुंचने के बाद सब सही चल रहा था। कुछ दिन पूर्व एक महिला दो बच्चों के साथ घर पहुंची और विवाद करने लगी। उसने बताया कि विवेक की शादी उसके साथ हुई है और दोनों बच्चे भी उसी के है।

पूछताछ करने पर पति ने पूरी घटनाक्रम की जानकारी दी। साथ में यह भी बताया कि वह पहली पत्नी से तलाक का प्रार्थना पत्र कोर्ट में दिया है। जब उसने पहली शादी की बात छिपाने का विरोध किया तो पति ने दहेज में दिए गए सामान को छीन लिया और मारपीटकर घर से निकाल दिया।

थाना प्रभारी अरुण सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति विवेक, ससुर रामदीन, देवर, जेठानी और विवेक की पहली पत्नी रीना के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच की जा रही है।


Powered By Sangraha 9.0