महाराजगंज। परसा राजा और बरवा राजा के बीच कटहरा रजवाहा नहर पर क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण का शिलान्यास मंगलवार को हुआ। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनपद में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में 56 पुल स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से सदर विधानसभा क्षेत्र को 28 पुल मिले हैं।
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग (गंडक संगठन, सिंचाई खंड-प्रथम) द्वारा प्रस्तावित कटहरा रजवाहा प्रणाली के अंतर्गत 10 क्षतिग्रस्त पुल, पुलिया एवं कुलाबों के पुनर्निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
विधायक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में विकास केवल कागजों तक सीमित रहता था, लेकिन योगी सरकार में सड़कें, पुल, नहरें और आधारभूत ढांचे का विकास धरातल पर साफ दिखाई दे रहा है।