Maharajganj Mahotsav 2025 : महराजगंज महोत्सव में 'बचपन की यादों' ने किया दिलों पर राज़, एक प्रस्तुति ने सबको किया निशब्द

03 Nov 2025 14:12:32

महराजगंज। महराजगंज महोत्सव की सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरा माहौल भावनाओं, रंगों और रागों से भर दिया। कहवा गइल लरिकईया हो गीत पर महराजगंज महोत्सव में हाजी अजहर अली इंटर कॉलेज की छात्राओं ने अपने शानदार नृत्य से समां बांध दिया। हर अदा में बचपन की मासूमियत और यादों का एहसास था।

इस कार्यक्रम में दर्शक भाव-विभोर होकर अपनी पुरानी दुनिया की सैर कर आए। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने महापर्वों, देशभक्ति, लोक पर्वों, देवी गीतों, इतिहास और संस्कृत श्लोकों पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। फोक, ठुमरी, कथक, भरतनाट्यम, लोकनृत्य और शास्त्रीय संगीत की लय में रचा-बसा यह कार्यक्रम स्थानीय लोकसंस्कृति का जीवंत चित्र बन गया।

यह भी पढ़ें :129 करोड़ पर कुंडली मारकर बैठे किसान, हज़ारों KCC खाते हुए NPA, बैंक सकते में

मेरे ढोलना और अजीमुन शाह शहंशाह जैसे गीतों पर की गई प्रस्तुतियों ने जहां भावनाओं का सागर बहाया, वहीं मिशन शक्ति पर केंद्रित नृत्य ने समाज में जागरूकता और नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया। बच्चों के मधुर स्वर और मनोहारी मुद्राओं ने दर्शकों को देर तक तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।

पं.दीन दयाल इंटर कॉलेज की छात्रा अंशिका वर्मा ने गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद पैरामाउंट अकाडमी की छात्राओं ने छठ पूजा गीत पर अपने नृत्य में सूर्य उपासना के महापर्व के उल्लास को मंच पर जीवंत कर दिया। दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज चौक बाजार के छात्राओं ने बड़ा निक लागे बोल पर देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया।

विजन अकाडमी के छात्रों ने पनघट पर मोहे नंदलाला गीत पर लोक संस्कृति दिखाया। हेरिटेज इंग्लिश स्कूल के छात्रों ने नमामि-नमामि, आरके सनशाइन अकाडमी का माई भवानी, पैराडाइज अकाडमी का शिव तांडव व जीएसवीएस इंटर कॉलेज के छात्रों का घूमर गीत पर नृत्य को सभी ने सराहा। कास्मोपालिटन स्कूल की कक्षा छह की छात्रा आन्या जायसवाल ने संस्कृत श्लोक अधरम, मधुरम पर शास्त्रीय नृत्य से सभी को भारतीय संस्कृति की सुंदरता से रूबरू कराया।

दर्शकों ने आन्या की प्रस्तुति को अद्भुत और प्रेरणादायक बताया। मिशन शक्ति कार्यक्रम में सुरक्षा व सशक्तीकरण संदेश महोत्सव में एसकेएसडी सेकेंड्री स्कूल, सर्वजीत दास इंटर कॉलेज व सरदार पटेल भाई कन्या इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने चाइल्ड लेबर एक्ट, रानी लक्ष्मीबाई, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ थीम पर कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

जीएसवीएस इंटर कॉलेज के छात्रों ने चार युद्ध व आरके सनशाइन अकाडमी के बच्चों ने आरंभ है प्रचंड पर देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किया।


Powered By Sangraha 9.0