Maharajganj News : तीन घंटे जाम से शहर में त्राहिमाम ! आखिर क्यों जाम में फंसा महराजगंज

    05-Nov-2025
Total Views |

महराजगंज। शहर वासियों को मंगलवार को भयंकर जाम से जू्झना पड़ा। वहीं यातायात पुलिस को आवागमन बहाल करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। डायवर्जन के अलावा सक्सेना चौक से मऊ पाकड़क तक नो व्हीकल जोन बनाया गया था। सामूहिक विवाह दौरान शहर में लोगों की भीड़ बढ़ गई थी। इससे लोगों को आने जाने में दुश्वारियां झेलनी पड़ी।

जवाहर लाल नेहरू पीजी काॅलेज खेल मैदान में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें अधिक संख्या में लोग पहुंचे। इस वजह से शहर में लोगों की भीड़ बढ़ गई। शहर में सक्सेना चौक से मऊपाकड मोहल्ले तक लोगों की भीड़ लगी रही। शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश बंद करा दिया गया था।


यातायात प्रभारी अरूणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सिसवा घुघली के तरफ से आने वाले सभी भारी वाहन, काॅमर्शियल वाहन जिनको फरेंदा के तरफ जाना था। उसे शिकारपुर, परतावल, पनियरा, कैंपियरगंज होकर फरेंदा भेज दिया गया। निचलौल की तरफ से आने वाले सभी भारी वाहन, काॅमर्शियल वाहन जिनको फरेंदा गोरखपुर रोड़ की ओर जाना था उसे सिंदुरिया से शिकारपुर परतावल होकर भेजा गया।

चौक रोड से आने वाले सभी भारी वाहन, कॉमर्शियल वाहन जिनको फरेंदा गोरखपुर रोड की ओर जाना था उसे झंझनपुर से सिंदुरिया शिकारपुर परतावल होकर भेजा गया। फरेंदा की ओर से आने वाले सभी भारी वाहन व काॅमर्शियल वाहन जिसे निचलौल, चौक, सिंदुरिया शिकारपुर जाना था। उसे फरेंदा छतरी पुल से कैंपियरगंज, पनियरा, परतावल, शिकारपुर, सिंदुरिया होकर भेजा गया।

शहर में भीड़ के दौरान यातायात पुलिस जगह-जगह तैनात रही। आवागमन बहाल करने में सभी कर्मी जुटे रहे। गोरखपुर-परतावल बाजार के तरफ से आने वाले वाहन को शिकारपुर से ही डायवर्ट कर दिया गया था।
मंगलवार की सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक शहर में भीड़ अधिक होने के कारण परेशानी हुई।