महराजगंज। ठिठुरन भरी ठंड के लिए इस महीने तैयार रहिए क्योंकि दिसंबर का स्वागत न सिर्फ घने कोहरे से होगा बल्कि तापमान लुढ़कने का क्रम पूरे महीने बरकरार रहने वाला है।
रविवार दोपहर बाद से ही इसके आसार दिखे और दोपहर बाद धुंध की स्थिति बनी रही। छह किमी प्रति किमी की रफ़्तार से चली पछुआ हवा ने जाड़े का एहसास कराया। अधिकतम तापमान पिछले दिनों के मुकाबले दो डिग्री नीचे खिसक कर 23 डिग्री सेंटीग्रेड तो न्यूनतम एक डिग्री की कमी के साथ 12 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
दिसंबर की सर्दी का प्रभाव एक दिन पहले से ही दिखने लगा। रविवार की धूप सुबह से ही हल्की रही। दोपहर बाद धूप का प्रभाव नहीं दिखा और छह किमी प्रति घंटा की पछुआ हवा ने तापमान को नीचे गिरा दिया। दोपहर दो बजे हल्के ऊनी कपड़ों में घर के बाहर निकलने वालों ने सिहरन भरी ठंड महसूस की।
शाम चार बजे के बाद धुंध की स्थिति ने दृश्यता को न्यून कर दिया। शाम के समय वाहन चालकों को लाइट जलाना पड़ा। मौसम विभाग की माने तो पूरे माह घना कोहरा व शीतलहर की स्थिति देखने को मिलेगी। पहली दिसंबर से ही कोहरा घनत्व में इजाफे का अनुमान है।