महराजगंज। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए घने कोहरे का आरेंज अलर्ट जारी करते हुए तराई के महराजगंज में लोगों को अलर्ट किया है। मौसम विभाग की तरफ से कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंचने का अनुमान है। इससे सड़क पर वाहनों के संचालन में असुविधा उत्पन्न हो सकती है।
शुक्रवार की सुबह पिछले दिनों की तरह कुहासे में लिपटी रही। हालांकि कि कोहरा सुबह 08:30 बजे तक पूरी तरह छंट गया जिसके बाद खिली धूप ने तापमान को स्थिर रखा।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक पछुआ का वेग शुक्रवार नियंत्रित रहा और पछुआ शाम तीन बजे के बाद चली जरूर, लेकिन इसकी रफ्तार दो किमी प्रति घंटा से अधिक न बढ़ने से दिन में ठंड का प्रभाव बहुत अधिक नहीं महसूस हुआ और अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम 11 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। हालांकि दिन डूबते ही तापमान तेजी से गिरा और शाम सात बजे के लगभग तापमान 15 डिग्री रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन कोहरे का घनत्व अधिक रहेगा जिसके कारण सुबह आठ से 9 बजे तक दृश्यता शून्य तक पहुंच सकती है।