UP Politics : प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी होते ही महराजगंज में जश्न, ढोल-नगाड़ों के साथ गूंजा पंकज चौधरी का नाम

15 Dec 2025 07:51:16

महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और महराजगंज से सात बार के सांसद पंकज चौधरी को भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किए जाने पर जिले में उत्साह की लहर दौड़ गई। उनके नाम की घोषणा होते ही नगर के सक्सेना चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने ढोल-नगाड़े बजाकर, पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राकेश गुप्ता ने किया। भाजपा नेता राकेश गुप्ता ने कहा कि यह महराजगंज के इतिहास की बड़ी उपलब्धि है। पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से जिले के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

यह भी पढ़ें : माघ मेले से पहले बड़ा ऐलान ! एक ही दिन में प्रयाग स्नान और वापसी, दौड़ेंगी नॉनस्टॉप बसें

उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पंकज चौधरी के नेतृत्व में भाजपा उत्तर प्रदेश में 350 से अधिक सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पंकज चौधरी ने पार्षद से लेकर सात बार सांसद और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री तक का सफर तय किया है। वे हमेशा कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं, आम लोगों से सीधा संवाद रखते हैं और हर वर्ग का भरोसा जीतते हैं। उनका अनुभव और संगठनात्मक समझ पार्टी को निश्चित रूप से मजबूती प्रदान करेगी।

इस दौरान सहप्रभारी मणिकांत द्विवेदी, डॉ. सूरज सिंह, विष्णु मद्धेशिया, सनत पांडेय, विश्वनाथ शर्मा, हरिद्वार वर्मा, गोरख गुप्ता, गौतम अग्रहरि, मिश्रीलाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। उन्होंने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने को महराजगंज के लिए गौरव का क्षण बताया।


Powered By Sangraha 9.0