महराजगंज। नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से एक बार फिर तापमान के लुढ़कने का क्रम शुरू हो गया है। सोमवार को सर्द पछुआ के प्रभाव से अधिकतम तापमान में एक डिग्री की कमी रिकॉर्ड हुई थी। मंगलवार को न्यूनतम व अधिकतम दोनों में एक-एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
आगामी दो दिनों के लिए मौसम विभाग ने घने कोहरे के बीच तापमान तेजी से गिरने की संभावना के चलते अलर्ट जारी किया है।
पूस का जाड़ा मजबूत होने लगा है। सोमवार तक कोहरे के बाद भी धूप की गर्मी से तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं था। सोमवार पछुआ की रफ्तार आठ किमी प्रति घंटा से अधिक रही तो ठंड महसूस हुई। मंगलवार को पछुआ छह किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बही।
फिर भी लोगों ने अधिक ठंड महसूस किया। धूप पूरे दिन कमजोर रही जिससे आबोहवा धुंधली महसूस की गई। अधिकतम तापमान 22 व न्यूनतम 11 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बुधवार व गुरुवार को तराई क्षेत्र में घने कोहरे के बीच तापमान तेजी से गिरने का अलर्ट मंगलवार को देर शाम जारी करते हुए सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।