महराजगंज। गुरुवार के कोहरे व ठंड ने पूस की सर्दी का एहसास करा दिया। घने कोहरे के बीच पछुआ की रफ्तार आठ किमी प्रति घंटा रही जिसके कारण दोपहर 11 बजे तक शून्य दृश्यता की स्थिति बनी रही।
दोपहर बाद स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ लेकिन यह स्थिति अधिक देर तक नहीं बनी रह सकी और शाम चार बजे से कोहरे ने फिर से पांव फैलाते हुए बढ़ी दृश्यता को नीचे लुढ़काया। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में कोहरा मौसम को प्रभावित करेगा।
गुरुवार को तापमान अधिकतम 22 तो न्यूनतम 11 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। लेकिन पछुआ हवा की रफ्तार से ठंड में बढ़ोतरी का एहसास लोगों को हुआ। बुधवार देर रात से बढ़ता कोहरा बृहस्पतिवार को दिन में 11 बजे तक घना रहा।
तेज पछुआ से टकराने के बाद टपकती बूंदों ने बारिश जैसा एहसास कराया। दोपहर 12:30 तक कोहरा छंट सका तब थोड़ी दृश्यता बढ़ी, लेकिन महज एक घंटे के बाद ही यह न्यून होने लगी और शाम तक इसका दायरा फिर से मजबूत हो गया। शीत दिवस पर सर्वाधिक परेशानी बाहर निकले लोगों को हुई।
हाट बाजार सब्जी इत्यादि लेने निकले लोग भी पछुआ की ठिठुरन से परेशान चौराहों पर अलाव तलाशते रहे। वहीं यात्रियों को बंद गाड़ियों में भी जाड़ा महसूस होता रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अभी शीत दिवस की स्थिति बनी रहने वाली है।