घुघली। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पौहरिया के पूर्वी सिवान में गन्ने के खेत में एक अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। गन्ना छील रहे मजदूरों ने शव देखकर शोर मचाया तो देखने वालों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू दी है।
गुरुवार को सुबह मजदूर दिवाकर यादव के गन्ने के खेत में गन्ना छील रहे थे। खेत में फैली दुर्गंध पर शक होने पर मजदूरों ने खोजबीन शुरू की तो उन्हें एक अधेड़ का सड़ा हुआ शव मिला। मजदूरों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
लोगों ने खेत में शव होने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। शव पुराना होने के कारण सड़ गया था। इस वजह से पहचान नहीं हो सकी। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने कहा कि गन्ने के खेत में अज्ञात अधेड़ का शव मिला है। शव की शिनाख्त नहीं हो पा रही है। उच्च अधिकारियों को सूचना दे दी गई है।