महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुण्डेराकला में निजी भूमि पर लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने फिर से तूल पकड़ लिया है। जयकरन यादव ने आरोप लगाया है कि दबंग राजेन्द्र, ज्ञान्ती, चन्दा और एक अज्ञात महिला सहित अन्य लोगों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया और 300 यूकेलिप्टस एवं आम के पेड़ों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
जयकरन यादव ने बताया कि 1.651 हेक्टेयर से 0.091 हेक्टेयर भूमि उनके नाम राजस्व अभिलेख में दर्ज है। पहले आरोपी पक्ष ने इस पर अवैध कब्जा किया था। इसके खिलाफ उन्होंने एसडीएम सदर की अदालत में वाद दाखिल किया था। अदालत ने 8 मई 2025 को उनके पक्ष में फैसला देते हुए 13 जून 2025 को राजस्व टीम द्वारा कब्जा दिलाया और पिलर-तार से घेराबंदी कराई। इसके बाद उन्होंने धान की बोआई के साथ 300 पेड़ लगाए थे।
आरोप है कि 4 दिसंबर 2025 को आरोपियों ने सरकारी निशानदेही तोड़ दी, पेड़ क्षतिग्रस्त कर दिए और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। जयकरन यादव ने बताया कि आरोपी लाठी-डंडा लेकर आए और गाली-गलौज करते हुए खेत पर कब्जा करने की बात कही। 14 दिसंबर 2025 को शाम करीब 7 बजे आरोपियों ने जबरन खेत जोत लिया।
सुबह खेत पर पहुंचे जयकरन को गाली देते हुए भगा दिया गया। घटना का वीडियो भी उनके पास है। पहले भी मारपीट के मामले दर्ज हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों का हौसला बढ़ा है। पीड़ित ने 23 दिसंबर को थाने में तहरीर दी थी। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया की जयकरन के तहरीर पर राजेन्द्र, ज्ञान्ती, चन्दा समेत एक अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गया है।