
सोनौली। नेपाल के दाऊने बर्दघाट क्षेत्र में काठमांडो जाने वाली निर्माणाधीन सड़क के धंस जाने से मंगलवार शाम से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सड़क स्लिप होने के कारण सैकड़ों मालवाहक ट्रक और बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक पहाड़ी मार्ग पर फंस गए हैं। शीतलहर और कड़ाके की ठंड के बीच फंसे यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मार्ग बंद होने से लौटने का कोई वैकल्पिक रास्ता भी नहीं है। घंटों से वाहन जाम में खड़े हैं। यात्रियों के पास खाने-पीने और ठहरने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। आसपास की दुकानों में खाद्य सामग्री सीमित होने से हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।
पहाड़ी क्षेत्र होने के बावजूद प्रशासन की ओर से अलाव या अन्य ठंड से बचाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। मजबूरी में यात्री टायर और लकड़ियां जलाकर रात काट रहे हैं। खुले आसमान के नीचे तापमान गिरने से लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। फंसे यात्रियों ने निर्माण एजेंसी और स्थानीय प्रशासन से जल्द सड़क बहाल कराने की मांग की है।
देर रात तक राहत कार्य शुरू होने को लेकर कोई स्पष्ट सूचना नहीं मिल सकी। मार्ग के बाधित होने से नेपाल के आंतरिक यातायात के साथ भारत-नेपाल के पर्यटन और व्यापार पर भी असर पड़ा है। दाऊने पुलिस इंस्पेक्टर ज्ञान प्रसाद काफले ने बताया कि राहत बचाव कार्य चल रहा है जल्द रास्ता खुल जाएगा।