नाम में अंतर की वजह से परेशान हो रहे 2000 किसान

    12-Feb-2025
Total Views |

महराजगंज। पिछले दिनों फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य होने के बाद इसपर कार्यवाही चल रही है लेकिन नाम में अंतर से फार्मर रजिस्ट्री में पेंच फंस गया है। इससे करीब 2000 से अधिक किसान परेशान हैं। सहज जनसेवा केंद्र से तहसील का चक्कर लगाने को किसान मजबूर हैं। किसी के खतौनी में नाम दुरुस्त नहीं है तो किसी का आधार कार्ड में नाम गड़बड़ है। आधार और खतौनी में किसानों के नाम की गड़बड़ी दूर नहीं हो पा रही है। इस वजह से किसानों को प्रतिदिन जनसुविधा केंद्रों का चक्कर काटना पड़ रहा है। कई जगहों पर किसानों के आधार कार्ड में मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने से परेशानी बढ़ गई है।

मुजुरी कस्बे में सहज सेवा केंद्र पर कई लोग परेशान दिखे। बैदा गांव निवासी लालचंद झोले से एक पेपर निकालते हुए बोले कि, बहुत समस्या है। एक सप्ताह से परेशान हूं। खतौनी में नाम नहीं चढ़ा है। इसे ठीक कराने के लिए कई दिन से भटक रहा हूं। फार्मर रजिस्ट्री नहीं हुई तो परेशानी होगी।

वहीं पोखरहवा के मगन ने बताया कि नाम मग्गन हो गया है, इसे ठीक कराना है। इसी तरह से सदर तहसील में साहेब मिले। उन्होंने बताया कि आधार में साहेब मौर्या लिखा है, लेकिन खतौनी में साहेब है। इसके चलते फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। तहसील में रोजाना इस तरह की समस्या से पीड़ित लोग आ रहे हैं।

नाम में अंतर होने की समस्या से कई लोग परेशान हैं। उदाहरण के लिए जैसे किसी का नाम ज्ञानचंद मौर्या है, तो आधार में यह नाम नहीं है, जबकि खतौनी में ज्ञानचंद ही लिखा है, ऐसे में फार्मर रजिस्ट्री कराने के दौरान साॅफ्टवेयर रिजेक्ट कर दे रहा है। अजय मौर्य ने बताया कि इस समस्या का समाधान कराने में परेशानी हो रही है। कई दिन चक्कर लगाने के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है।