50 करोड़ 71 लाख से होगा जिले का विकास, बजट पास

07 Mar 2025 09:35:59

महराजगंज। जिले में विकास कार्यों के लिए बजट पास हो गया है। नगर पालिका परिषद महराजगंज नए वित्तीय वर्ष में 50 करोड़ 71 लाख से शहर में विकास कार्य करेगी। इसके लिए बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास कर दिया गया। सदन ने होली के बाद टैक्सी स्टैंड, पोखरियों और शौचालयों का नीलामी करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल की अध्यक्षता मेंबोर्ड बैठक हुई। प्रधान लिपिक बैकुंठनाथ यादव ने पिछली कार्रवाई की पुष्टि पढ़कर बोर्ड बैठक का शुभारंभ किया। इसके बाद बोर्ड के एजेंडा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 50 करोड़ 71 लाख 80 हजार आय और व्यय प्रस्तुत किया। इसे सदन ने सर्व सम्मति से पास कर दिया।

सभासदों ने कहा कि स्वकर प्रणाली लागू होने से शहरवासियों को लाभ मिलेगा। अतिरिक्त भार कम हो जाएगा। शिवनगर वार्ड सभासद महेंद्र गुप्ता ने होली के बाद टैक्सी स्टैंड, पोखरियों और शौचालय की नीलामी करने का प्रस्ताव दिया। सदन ने सर्व सम्मति से सभासद के प्रस्ताव को पास कर दिया।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 में प्रदेश में पहला स्थान लाना है। इसके लिए सभी सभासदों का सहयोग जरूरी है। सभासद वार्डवासियों का सहयोग लेकर स्वच्छता पर जोर दें। ईओ आलोक कुमार ने कहा कि होली पर्व नजदीक है। रमजान माह चल रहा है। ऐसे में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था अपडेट रखा जाय।

बैठक में सभासद डॉ. सिद्धार्थनाथ शुक्ला, लालजी गुप्ता, राहुल पांडेय, अमितेष गुप्ता, बज्रकिशोर सिंह, दीपक, जनिता पासवान, जितेंद्र कुमार, गोरखनाथ पासवान, राजेंद्र गौतम, ऋषिकेश पटेल, अजय कुमार गुप्ता, रेनू, दुर्गावती पांडेय, ब्रजेंद्र पटेल, सदरेआलम, राणा पटेल, रहमतुन निशा, गोरख गुप्ता और कैशियर विनोज जायसवाल शामिल रहे।

Powered By Sangraha 9.0