महराजगंज सदर तहसील में सर्वर फेल, खतौनी के लिए भटक रहे किसान

23 Apr 2025 07:41:58

महराजगंज। सदर तहसील में बीते दो दिनों से सर्वर फेल रहने के कारण किसानों को खतौनी जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूर-दराज के गांवों से आए किसान बार-बार तहसील का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खतौनी नहीं मिल पा रही।

मंगलवार सुबह 10:30 बजे तहसील के खतौनी काउंटर पर खड़े बैदा गांव निवासी राम ललित ने बताया कि उन्हें जरूरी काम के लिए प्रमाणित खतौनी की आवश्यकता है। वह दो दिन से आ-जा रहे हैं, लेकिन सर्वर फेल होने के कारण कोई दस्तावेज नहीं मिल सका। वहीं रजौड़ा गांव के जितेंद्र पासवान ने बताया कि उन्हें बैंक लोन के लिए खतौनी चाहिए, लेकिन तहसील पहुंचने पर बताया गया कि सर्वर डाउन है।

लक्ष्मीपुर जरलहिया निवासी मोहम्मद शरीफ और गोनहां गांव के देवीशरण ने भी ऐसी ही समस्याएं साझा कीं। उनका कहना है कि तहसील कर्मियों के पास केवल एक ही जवाब है—सर्वर डाउन है और यह कब तक ठीक होगा, इसकी कोई जानकारी नहीं है।

इस संबंध में उप जिलाधिकारी सदर रमेश कुमार ने बताया कि सिस्टम को अपडेट किया जा रहा है, जिसके कारण तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सर्वर की समस्या जल्द ही सुलझा ली जाएगी।

Powered By Sangraha 9.0