Maharajganj News : पोखरे में उतराता मिला महिला का शव, गांव में दहशत का माहौल

11 May 2025 15:28:02

 
floating body

महराजगंज। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरवा विद्यापति में रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब गांव के पश्चिम दिशा में स्थित पोखरे में एक अज्ञात महिला का शव देखा गया। शव को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ओमप्रकाश पांडे को सूचना दी, जिन्होंने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी।
 

मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में बीट उप निरीक्षक अरुण कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर जांच-पड़ताल शुरू की। मृत महिला की उम्र लगभग 50 वर्ष आंकी जा रही है और प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत डूबने से हुई होगी। अधिकारियों के मुताबिक मौत करीब तीन से चार घंटे पहले हुई मानी जा रही है।

 

फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है और शव को महराजगंज के सदर अस्पताल के मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

 

पुलिस के अनुसार महिला के शरीर पर किसी भी तरह के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की संभावना कम लग रही है, फिर भी सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है।

 

इस घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि यदि किसी को इस महिला के बारे में जानकारी हो या उनके परिवार की कोई महिला लापता हो तो वे तत्काल कोतवाली महराजगंज से संपर्क करें।

Powered By Sangraha 9.0