Maharajganj : महराजगंज में गर्मी से राहत, 8-10 दिन मौसम रहेगा सुहावना

रविवार से तापमान में गिरावट, अगले 10 दिनों तक राहत की उम्मीद, किसानों को भी मिलेगा लाभ

Aapan Maharajganj    22-May-2025
Total Views |

 
suhana mausam

महराजगंज। भीषण गर्मी से जूझ रहे महराजगंज के लोगों को अब राहत मिलती दिख रही है। रविवार से मौसम में आए बदलाव के चलते अधिकतम तापमान 42 डिग्री से घटकर 34 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री पर आ गया है।
 

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तराखंड से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार तक क्षोभमंडल (ट्रॉपोस्फियर) में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही उड़ीसा की ओर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिससे क्षेत्रीय मौसम में बदलाव आ रहा है।

 

23 मई से फिर तेज हवाएं और बारिश

 

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 8 से 10 दिनों तक मौसम सुहावना बना रहेगा। विशेष रूप से 23 मई से तेज हवाएं और बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है। नेपाल से सटे इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।

 

किसानों के लिए भी राहतभरा मौसम

मौसम में आए इस बदलाव से किसानों को भी राहत मिली है। धान की नर्सरी लगाने के लिए अब खेतों में अतिरिक्त सिंचाई की जरूरत नहीं होगी। मौसम की अनुकूलता से फसलों की बुआई और नर्सरी का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ सकेगा।

 
पिछले सप्ताह तक क्षेत्र में तापमान 42 डिग्री से ऊपर चल रहा था और गर्म हवाओं के कारण हीटवेव की स्थिति बनी हुई थी। लेकिन रविवार को हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया है, जिससे आमजन ने राहत की सांस ली है।