मुंबई। मिस वर्ल्ड 2025 मुकाबले में राजस्थान के कोटा की रहने वाली नंदिनी गुप्ता अब फाइनल में पहुंच चुकी हैं। पूरे देश की निगाहें इस वक़्त उन्हीं पर टिकी हैं, क्योंकि वो टॉप 4 में जगह बना चुकी हैं और मुकाबले में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि अगर उन्हें बॉलीवुड में डेब्यू करने का मौका मिले, तो वो किस एक्टर के साथ स्क्रीन शेयर करना चाहेंगी।
नंदिनी गुप्ता ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि अगर ‘ये जवानी है दीवानी’ जैसी कोई फिल्म मिले, तो उसमें काम करना बहुत अच्छा लगेगा। रणबीर कपूर एक शानदार एक्टर हैं और मैं उनके साथ स्क्रीन शेयर करना चाहूंगी। रणबीर कपूर के नाम पर उनकी ईमानदारी और उत्साह देखने लायक था। उन्होंने ये भी जोड़ा कि ग्लैमर से ज्यादा वह अच्छे किरदार निभाना चाहती हैं।
नंदिनी एक साधारण किसान परिवार से आती हैं और आज वह दुनिया की सबसे बड़ी ब्यूटी पेजेंट प्रतियोगिता के फाइनल में हैं। यह सफर ना केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सपने कहीं से भी देखे जा सकते हैं और मेहनत से पूरे भी किए जा सकते हैं। कोटा से लेकर सांगोद गांव तक हर कोई टीवी स्क्रीन पर नजरें गड़ाए बैठा है। अगर नंदिनी मिस वर्ल्ड का ताज जीतती हैं, तो यह भारत के लिए गर्व का पल होगा और साथ ही एक नए सितारे के उभरने की शुरुआत भी।
नंदिनी गुप्ता के लिए मंदिरों में प्रार्थनाएं हो रही हैं। इतना ही नहीं नंदिनी गुप्ता के लिए सोशल मीडिया पर सपोर्ट की लहर आ गई है। लोगों को उम्मीद है कि नंदिनी भारत के लिए मिस वर्ल्ड 2025 का ताज लेकर आएंगी। अगर नंदिनी मिस वर्ल्ड का ताज जीतती हैं, तो यह न केवल भारत के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा, बल्कि हो सकता है कि जल्द ही उन्हें रणबीर कपूर के साथ स्क्रीन पर देखने की ख्वाहिश भी हकीकत में बदल जाए।