Maharajganj News : महराजगंज में 6 करोड़ से बनेंगी 12 जर्जर पुलिया, शासन स्तर पर मिली मंजूरी

13 Jun 2025 12:26:22

महराजगंज
। जिले की महराजगंज नहर शाखा पर स्थित 12 जर्जर पुलियों की जगह अब नई पुलियाओं का निर्माण किया जाएगा। शासन स्तर से इसके लिए स्वीकृति मिल चुकी है। इस पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च होंगे। सिंचाई विभाग प्रथम जल्द टेंडर जारी करेगा।

जानकारी के अनुसार, सिंचाई विभाग प्रथम ने दो वर्ष पहले ही महराजगंज नहर शाखा पर स्थित जर्जर पुलिया की जगह नए पुलियों के निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार की गई थी। विभाग ने छह करोड़ रुपये की लागत से 12 पुलिया निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था।

इसके लिए शासन स्तर से इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है। निर्माण पूरा होने के बाद इन पुलियों से करीब पांच लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। तेंदुअहिया झुलनीपुर और बैदा के पास बड़ी नहर पर स्थित पुलिया पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है।

देवेंद्र प्रताप आनंद बताते हैं कि पुलिया की हालत के कारण उन्हें अन्य लंबे मार्गों से यात्रा करनी पड़ती है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। राममिलन पासवान निवासी सूचितपुर ने बताया कि पुलिया क्षतिग्रस्त होने से आवागमन पूरी तरह से बंद है।

इससे व्यापारियों और मरीजों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. दीपू सैनी ने बताया कि क्षेत्र के किसानों की समस्या भी कम नहीं है।

पुलिया क्षतिग्रस्त होने से उन्हें अपनी उपज को मंडियों तक पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सहायक अभियंता सिंचाई विभाग प्रथम जय हिंद भारती ने बताया कि महराजगंज नहर शाखा पर 12 जर्जर पुलियों के निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर से अनुमोदन मिल चुका है। बारिश का मौसम समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
Powered By Sangraha 9.0