Maharajganj News : भीषण गर्मी और उमस ने जिले में बढ़ाये अनिद्रा और पेट के मरीज

14 Jun 2025 10:36:35

महराजगंज। जलवायु परिवर्तन का असर लोगों की सेहत पर भी दिख रहा है। इससे लोगों की सेहत नासाज होती जा रही है। पिछले चार दिन से गर्मी व उमस का प्रभाव कुछ ऐसा हो गया है कि लोग अनिद्रा से जूझने को मजबूर हैं। बिस्तर पूरी रात वह करवट बदलते रहते हैं, लेकिन नींद कभी सुबह आती है तो कभी आती ही नहीं।

इसके अलावा पेट से जुड़ी बीमारियां बढ़ने के कारण गैस और अपच की स्थिति भी बनी हुई है। यह समस्या बुजुर्गों से लेकर युवाओं को भी प्रभावित कर रही। शुक्रवार को ओपीडी में 45 अनिद्रा व उदर रोगी पहुंचे।

जिला अस्पताल की ओपीडी में मौसम की मार से सेहत से लाचार होकर लोग अधिक संख्या में पहुंच रहे हैं। शुक्रवार 956 रोगी जिला अस्पताल की ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचे। अनिद्रा से परेशान 13 युवा, सात महिलाओं समेत 50 साल के बुजुर्ग शामिल थे।

जांच के बाद डाॅ. पवन कुमार ने बताया कि रात में उमस की अधिकता होने से लोगों की नींद खराब हो रही है। ठीक से नींद न मिलने का प्रभाव पाचन तंत्र पर पड़ता है, जिससे गैस, अपच, पेट फूलने की समस्या हो रही है। इन सभी समस्याओं का निदान सिर्फ नींद से ही हो सकती है। छह से सात घंटे की नींद शरीर के लिए जरूरी है। अनिद्रा रोगियों को कमरे की जगह खुली हवा में सोने के साथ सोते वक्त दिमाग को शांत रखने की सलाह दी जा रही है।
Powered By Sangraha 9.0