Maharajganj News : पनियरा में ज़मीन हड़पने की साजिश का पर्दाफाश, महिला और ससुर गिरफ्तार

06 Jul 2025 11:14:47

पनियरा। ग्राम सतगुर में 5 डिस्मिल जमीन को फर्जी तरीके से हड़पने के एक पुराने मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में पीड़िता की नामजद तहरीर पर 22 अगस्त-2019 को पुलिस ने तीन लोगों पर केस दर्ज किया था।

पीड़िता सरिता रानी के अनुसार ग्राम पंचायत सतगुर में उसने एक व्यक्ति से पांच डिस्मिल जमीन 2007 में बैनामा जरिए रजिस्ट्री लिया था। उक्त जमीन पर काबिज दाखिल हो गया था। उसी आराजी नंबर को 23 मई-2009 को दो डिस्मिल रितिका निवासी सतगुरू व तीन डिस्मिल संतराजी देवी निवासी हरखपुरा ने किसी दूसरी महिला को उसकी जगह खड़ा कर फोटो लगाकर फर्जी हस्ताक्षर अगूठा निशान बनवा कर अपने नाम लिखवा लिया।

उक्त फर्जी विक्रय पत्र की कूट रचना व कूट रचित हस्ताक्षर तथा कूट रचित अंगूठा निशान तैयार करवाने में रितिका के ससुर रूदल की आपराधिक साजिश थी। प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि मामला पुराना था। पीड़िता न्याय के लिए इधर-उधर भटक रही थी। मामले का तब से सभी दस्तावेजों सहित हस्ताक्षर व अंगूठा निशानी का सक्षम प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया था। इसे फर्जी पाया गया। मामले में संतराजी देवी व रूदल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
Powered By Sangraha 9.0