Maharajganj News : त्रुटिपूर्ण ड्रोन सर्वे में गड़बड़ी, लेखपाल को DM ने किया निलंबित

12 Sep 2025 12:33:10

महराजगंज। वर्ष 2023 में ड्रोन सर्वे के दौरान तत्कालीन लेखपाल फेकू प्रसाद द्वारा गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्राम भेड़िहारी में स्थित 0.061 हेक्टेयर पर कवलपाती पत्नी शम्मू का नाम प्रारूप-5 में त्रुटिपूर्ण रूप से अंकित करा दिया गया। प्रारूप-10 (घरौनी प्रमाणपत्र) वितरण के पश्चात आवेदिका की उस भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद की जांच में पाया गया कि उक्त भूमि ड्रोन सर्वे के पूर्व वर्ष 2022 में ही भोजई व लाल बहादुर की ओर से विनोद से उक्त भूमि को क्रय किया गया।

जांच में यह भी पाया गया कि उक्त भूमि विनोद उर्फ रामचंदर की पुश्तैनी थी। एक अन्य प्रकरण में गोसाईपुर ग्राम में फेकू प्रसाद की ओर से 0.045 हेक्टेयर भूमि को बिना कब्जे के ही लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से वर्ष 2023 में ड्रोन सर्वे के दौरान राधेश्याम व इंदू का नाम प्रारूप-5 में त्रुटिपूर्ण रूप से अंकित करा दिया गया। जबकि भूमि पर कभी किसी का कब्जा नहीं था और उक्त भूमि का उपयोग पूजापाठ व सार्वजनिक कार्यों के लिए किया जाता था। जांच में पाया गया कि राजस्व निरीक्षक (तत्कालीन लेखपाल) की इस कार्रवाई से गांव में विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई और शांति व्यवस्था को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ।

उप जिलाधिकारी की आख्या में राजस्व निरीक्षक की कार्रवाई को पदीय दायित्वों के विपरीत पाया गया। जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि राजस्व निरीक्षक की ओर से भारत एवं उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना में आबादी की भूमि पर बिना कब्जा के अपात्र ग्रामीणों को लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया। राजस्व निरीक्षक की ओर से कार्रवाई को गंभीर अनियमितता मानते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर दिया।


Powered By Sangraha 9.0