महराजगंज। मुख्यालय से लखनऊ की यात्रा आसान हुई है। लखनऊ के लिए महराजगंज रोडवेज डिपो से पांच बसें संचालित हैं, जिसमें से एक एसी जनरथ व एक ग्रामीण सेवा शामिल है। इनमें से दो बसें ऐसी भी हैं जो कानपुर से नई दिल्ली तक यात्रियों को आवागमन की सहूलियत उपलब्ध करा रही है।
महराजगंज जिला मुख्यालय अब रेल सेवा से जुड़ेगा, जिसके लिए कार्य प्रगति पर है, लेकिन अभी यात्रा का पूरा दारोमदार परिवहन निगम के जिम्मे है। मुख्यालय से लखनऊ की यात्रा करनी है, तो डिपो से पांच बसों का संचालन मौजूदा समय में हो रहा है।
इसमें एक रोडवेज मुख्यालय से पनियरा, कैंपियरगंज- मेंहदावल- बस्ती होते हुए लखनऊ तक जाती है। ग्रामीण सेवा के रूप में संचालित यह बस सेवा सुबह 6:40 बजे मुख्यालय से परतावल, पनियरा, कैंपियरगंज से मेंहदावल होते हुए निकलती है।
यह सेवा रोगियों के लिए काफी मुफीद है, जिससे सुबह इसे पकड़ने वाले देर रात तक जांच- परामर्श लेकर लौट आते हैं। इसी प्रकार एसी जनरथ बस का किराया भी साधारण होने के कारण उपयोगी साबित हो रही। लखनऊ रूट पर दूसरी सेवा 10:00 बजे और तीसरी दोपहर 12:30 बजे है। शाम तीन बजे व पांच बजे भी एक- एक सेवा संचालित है।
इसमें सुबह 10:00 बजे व शाम तीन बजे जाने वाली सेवा लखनऊ से आगे कानपुर होते हुए नई दिल्ली तक यात्री सुविधा उपलब्ध करा रही है।