Maharajganj News : महंगाई पर राहत, दूध, पनीर और दवाओं पर GST खत्म, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने दी जानकारी

19 Sep 2025 17:59:56

महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने जीएसटी सुधारों की जानकारी देते हुए मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय महंगाई पर नियंत्रण और आम उपभोक्ताओं को राहत देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

इससे रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी। उन्होंने बताया कि दूध, पनीर, रोटी और 33 जीवनरक्षक दवाओं पर जीएसटी पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। वहीं साबुन, शैंपू, टूथपेस्ट, टूथब्रश, साइकिल, नमकीन, कॉफी और पास्ता जैसी रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं को अब केवल 5 प्रतिशत जीएसटी के दायरे में रखा गया है।

पहले इन पर 12 से 18 प्रतिशत तक कर देना पड़ता था। उन्होंने कहा कि आटा, दाल, चावल, गुड़, सब्जी और दूध जैसे आवश्यक खाद्य पदार्थ पूरी तरह जीएसटी मुक्त रहेंगे। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के घरेलू खर्च में बड़ी राहत मिलेगी। मंत्री ने बताया कि गुटखा, पान मसाला, तंबाकू उत्पाद, बड़ी गाड़ियां और 350 सीसी से ऊपर की बाइकों पर जीएसटी बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया है।

इससे जहां हानिकारक व विलासिता की वस्तुएं महंगी होंगी, वहीं जरूरी सामान सस्ते होंगे। बताया कि सामान्य जांच, ब्लड टेस्ट, एमआरआई और एक्स-रे जैसी स्वास्थ्य सेवाओं से जीएसटी हटाकर इन्हें सस्ता किया गया है। शिक्षा क्षेत्र में किताबें, कॉपियाँ, पेन-पेंसिल को जीएसटी मुक्त रखा गया है। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कई वस्तुओं पर जीएसटी दर घटाकर 12 से 5 प्रतिशत कर दी गई है।

इनमें मोबाइल फोन, 32 इंच तक के टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन शामिल हैं। इससे मध्यमवर्गीय उपभोक्ताओं के लिए इनकी कीमतें कम होंगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों और छोटे व्यापारियों को भी राहत दी गई है। खाद, कीटनाशक और कृषि उपकरणों पर जीएसटी घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है।

इससे खेती की लागत घटेगी और किसानों की आमदनी बढ़ेगी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह और सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया मौजूद रहे।


Powered By Sangraha 9.0