Maharajganj News : नेपाल में भारी बारिश के चलते भूस्खलन, मुगलिन-नारायणगढ़ सड़क अवरुद्ध, भारतीय मालवाहक फंसे

20 Sep 2025 10:43:37

महराजगंज। नेपाल में लगातार बारिश के कारण जगह-जगह रास्ते बंद हो गए हैं। चितवन के इचाकामना ग्रामीण नगर पालिका में तुईन नदी में बड़े भूस्खलन के बाद मुगलिन-नारायणगढ़ सड़क खंड दोनों दिशाओं से अवरुद्ध हो गया है।

इसके कारण सैकड़ों की संख्या में भारतीय मालवाहक रास्ते में फंस गए हैं। मुगलिन स्थित क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय के पुलिस निरीक्षक प्रतीक सिंह ने बताया कि भूस्खलन को रात में नहीं हटाया जा सका। सुबह से मलबा हटाने का काम चल रहा है। चितवन जिला पुलिस कार्यालय ने यात्रियों और चालकों से अपने वाहन रोकने व सुरक्षित स्थान पर रहने का आग्रह किया है।

पुलिस के अनुसार मुगलिन से नारायणगढ़ की ओर 2.5 किलोमीटर दूर, इच्छाकामना ग्रामीण नगर पालिका में तुइन खोला नामक स्थान पर बड़ा भूस्खलन हुआ। बीते दिन से दोपहर से लगातार हल्की बारिश हो रही है और शाम को सड़क पर पानी भर गया। इस बड़े भूस्खलन के कारण मलबे को तुरंत साफ नहीं किया जा सका। पुलिस के अनुसार बीते शुक्रवार शाम करीब 7.15 बजे तुइंखोला में भूस्खलन होने के बाद राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

पुलिस वर्तमान में राजमार्ग पर माइक्रोफोन का उपयोग कर ड्राइवरों और यात्रियों से आग्रह कर रही है कि वे जहां हैं वहीं रहें और सुरक्षित रहें। इसके साथ ही काठमांडू और पोखरा से चितवन की ओर जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया है, जिससे तुइंखोला से थोड़ा आगे मुगलिन बाजार तक यातायात जाम हो गया है। मुख्य राजमार्ग बंद होने के कारण जहां यात्री फंसे हैं, वहीं सैकड़ों भारतीय मालवाहक भी फंसे हैं।

सोनौली कस्टम एजेंट राजा वर्मा ने बताया कि जेन-जी आंदोलन के बाद बड़ी संख्या में भारतीय मालवाहक काठमांडू गए थे, जो रास्ते में फंस गए हैं। देर शाम तक सड़क का मलबा साफ होने की उम्मीद की जा रही है।



Powered By Sangraha 9.0