Maharajganj News : महराजगंज में बढ़ रहे साइबर ठगी के मामले, लुभावने ऑफर से रहे सावधान

23 Sep 2025 09:41:40

महराजगंज। जिले में साइबर ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक रहने की जरूरत है। किसी भी ऑफर वाले लिंक पर क्लिक करने के साथ ही अंजान व्यक्ति को ओटीपी साझा करने में सावधानी बरतना जरूरी है। क्योंकि लिंक पर क्लिक करते ही खाता खाली हो सकता है।

जालसाजों की ओर से ऐसे ही लिंक सोशल मीडिया पर भेजे जा रहे हैं। हालांकि पुलिस और साइबर सेल की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। गुलभार गांव के धीरेंद्र ने बताया कि दो दिन पहले टीवी खरीदने पर ऑफर देने वाला एक लिंक मोबाइल पर आया। सोचा की सही होगा।

लिंक पर क्लिक करते ही संबंधित जानकारी दर्ज किया। इतने से ओटीपी भरने के लिए बताया जैसे ही नंबर दर्ज किया वैसे ही खाते से 10,000 रुपये कट गए। रकम कटने के बाद लिंक पर कोई सूचना अपडेट नहीं हुई थी। मामले में अभी साइबर थाने में तहरीर दी जाएगी।

इसी तरह से जालसाज लोगों को मोबाइल पर लिंक भेजकर फंसा रहे हैं। अगर कोई इनकी जाल में फंस रहा है तो उसका खाता खाली हो जा रहा है।

नवरात्र शुरू हो चुका है। इस कारण सोशल मीडिया पर लुभावने ऑफर की भरमार है। त्योहार के सीजन में लोग जमकर खरीदारी करते हैं, ऐसे में साइबर ठग खरीदारी पर भारी छूट का झांसा देकर लोगों को फंसाते हैं। भारी डिस्काउंट देखकर लोग लिंक खोलते हैं और ठगी के शिकार हो जाते हैं। ऑफर से जुड़े लिंक भी सोशल मीडिया पर हैं। इनमें साइबर ठगों के फर्जी लिंक भी शामिल हो सकते हैं, जिन पर क्लिक करने से आपका खाता खाली हो सकता है।

साइबर थाना प्रभारी सजनू यादव ने बताया कि लोगों को जागरूक किया जाता है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाती है। लोगों से अपील है कि अनजान लिंक से दूर रहें। लुभावने ऑफर से जाल में न फंसे। समस्या होने पर तुरंत साइबर टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करें।


Powered By Sangraha 9.0