Maharajganj News : महराजगंज में आवारा कुत्तों का आतंक, 10 दिन में 15 लोग घायल

25 Sep 2025 10:27:48

महराजगंज। मौसम में हो रहे बदलाव का असर इंसानों पर ही नहीं स्ट्रीट डॉग पर भी हो रहा है। इन दिनों वे आक्रामक हो चुके हैं। शहर से लेकर गांव की गलियों तक यह लोगों को निशाना बना रहे हैं। बीते 10 दिन में 15 से अधिक लोग कुत्तों के काटने से घायल हुए हैं। पार्क, अस्पताल, कार्यालय, सड़क व गलियों तक में कुत्तों के अचानक हमलों से लोग परेशान हैं। लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया है।

जिला अस्पताल के सुई कक्ष में तैनात चीफ फार्मासिस्ट शैलेष मिश्रा ने बताया कि रोजाना 10 से 12 पीड़ितों को एआरवी लगाई जा रही है। पर्याप्त मात्रा में एंटी रैबिज वैनम उपलब्ध है। मई से अब तक 700 लोगों ने एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगवाए हैं। उधर, आक्रामक कुत्तों को पकड़कर शेल्टर होम में रखने की व्यवस्था बनाई जा रही है।

गर्मी के मौसम में भोजन और पानी की कमी के चलते कुत्ते और बंदर आक्रामक हो रहे हैं। यही कारण है कि एआरवी लगवाने वाले मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। कुत्तों के काटने से पीड़ितों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। दूसरी ओर महराजगंज शहर में भी कुत्तों का आतंक है। ये तेज गति से जा रही बाइक पर अक्सर टूट पड़ते हैं। पनियरा क्षेत्र के मोहद्दीनपुर गांव में कुत्तों के हमले में चार बच्चे घायल हुए हैं।

उपचार के बाद सभी की हालत में सुधार हो रहा है। रविवार को गांव में बच्चे घर पर मिले, लेकिन ज्यादातर बच्चे सहमे रहे। बीते दिन सभी बच्चे अपने अपने घरों के सामने खेल रहे थे। इसी बीच एक कुत्ता अचानक हमला कर दिया। निचलौल क्षेत्र में बीते तीन सितंबर को खूंखार कुत्ते का आतंक इस कदर था कि मासूम समेत सात लोगों पर हमलाकर लहूलुहान कर दिया था। दो लोगों की हालत तो बेहद नाजुक हो चुकी थी।

फिलहाल अब सभी के स्वास्थ्य में काफी सुधार हो चुका हैं। कुत्तों के हमलों में लोग घायल होकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं।


Powered By Sangraha 9.0