
फरेंदा। कस्बे के मेन रोड पर वार्ड नंबर 12 अटल नगर में उस वक़्त हड़कंप मच गया जब एक बंद मकान का ताला तोड़कर आलमारी में रखा आभूषण चोर उठा ले गए। जानकारी होते ही पीड़ित ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 विन्ध्यवासिनी नगर निवासी बजरंग लाल अग्रवाल ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि वार्ड नंबर 12 अटल नगर में किराए का मकान लेकर व्यापार करते हैं। रविवार को दिन में करीब 3 बजे पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजे पर ताला नहीं था।
कमरे खुले मिले और सारा सामान बिखरा हुआ था। कमरे में आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें से आभूषण निकाल लिए गए थे। पीड़ित ने घटना की सूचना 112 पुलिस को दी। प्रभारी थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।