महराजगंज। यूपी बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम घोषित होते ही जनपद में परीक्षा की तैयारियां तेज़ हो गयी हैं। जनपद में कुल 104 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए जा चुके हैं। 18 फरवरी से बोर्ड की परीक्षा में 70,701 विद्यार्थी भाग लेंगे। इस बार एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) लैस सीसीटीवी के जरिये परीक्षा केंद्रों की त्रिस्तरीय निगरानी की जाएगी। कलेक्ट्रेट की जगह इस बार डीआईओएस कार्यालय सभागार में कंट्रोल रूम स्थापित करने की तैयारी है।
यूपी बोर्ड परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए यूपी बोर्ड तकनीकी संसाधनों के जरिये निगरानी की व्यवस्था मजबूत कर रहा है। इस बार सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी त्रिस्तरीय की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मुख्य गेट से लेकर परीक्षा कक्ष में कैमरे लगवाए जाएंगे। साथ ही डबल लॉक में रखे गए प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिका की निगरानी के लिए एआई लैस कैमरे लगाए जाएंगे।
डीआईओएस कार्यालय से कैमरे लगाने का निर्देश परीक्षा केंद्र प्रधानाचार्य को दिया जा चुका है। परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सभी केंद्र आईडी पासवर्ड की मदद से तीन कंट्रोल रूम से जोड़कर ऑनलाइन किए जाएंगे।
राजकीय माध्यमिक सिंहपुर के प्रधानाध्यापक अनमोल यादव ने बताया कि कैमरे सीधे यूपी बोर्ड के मुख्य कंट्रोल रूम, क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर कंट्रोल रूम व जनपद स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम से जुड़ने हैं। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में एलईडी स्क्रीन लगाने की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। कंट्रोल रूम में शिफ्टवार निगरानी रखने के लिए शिक्षकों की टीम तैनात रहेगी। यह टीम डिजिटल वॉकी-टॉकी की मदद से प्रत्येक केंद्र के टच में बनी रहेगी।