महराजगंज। रविवार की तरह सोमवार को भी सुबह 09 बजे के बाद खिली धूप ने ठिठुरन भरी ठंड से राहत दिलाई लेकिन यह राहत ज़्यादा देर कायम नहीं रह सकी। शाम होते ही कोहरा बढ़ने लगा। रात गहराने के साथ इसमें इजाफा दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम आठ डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
पिछले दो दिन से तराई का मौसम सामान्य होने की तरफ अग्रसर दिख रहा है। सुबह समय से धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। हालांकि पछुआ की रफ्तार बनी हुई है। कोहरे या बादलों की जुगलबंदी न मिलने से शीत दिवस के हालात नहीं है।
सोमवार सुबह धूप तो खिली लेकिन आठ किमी प्रति घंटा चली पछुआ ने धूप की गर्माहट में अवरोध पैदा करने का काम किया। हालांकि धूप से राहत की उम्मीद लिए लोग पार्क व खुले मैदान में देखे गए। शाम 4 बजे के बाद कोहरा बढ़ता गया गया।
पछुआ ने गलन भरी ठंड में इजाफा पैदा करने का काम किया। देर शाम घने कोहरे के कारण सड़कों पर एक बार फिर वाहनों की रफ्तार कम हो गई। मौसम विभाग के अनुसार कोहरे का प्रभाव अभी बरकरार रहने वाला है।