Maharajganj News : महराजगंज को मिलने जा रहा है रेलवे का नया तोहफा! KMC मेडिकल कॉलेज के पास बनेगा हाईटेक स्टेशन

02 Jan 2026 06:54:58

महराजगंज। जिले के रेल मानचित्र पर जल्द ही एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। केएमसी मेडिकल कॉलेज के पास बड़ा और अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। प्रस्तावित रेलवे स्टेशन को आधुनिक मानकों और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए तीन पैसेंजर प्लेटफार्म बनाए जाएंगे। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन परिसर से एक साथ कई ट्रेनों का ठहराव और संचालन संभव हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, जिले में नई रेल लाइन का निर्माण घुघली से महराजगंज वाया आनन्दनगर तक 52.70 किमी प्रस्तावित है। रेल लाइन का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण फेज में घुघुली से महराजगंज 24.8 किमी में रेल लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है।

यह भी पढ़ें : थमा पहियों का सैलाब! शीतलहर और निर्माण कार्य से 25 KM लंबा जाम, इस रास्ते से न जाएँ

जिला मुख्यालय से सटे केएमसी मेडिकल कॉलेज के पास बड़ा आधुनिक रेलवे का स्टेशन बनाया जाएगा। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए तीन पैसेंजर प्लेटफार्म बनाए जाएंगे। इसके अलावा स्टेशन परिसर में मालवाहक गाड़ियों के लिए एक अलग प्लेटफार्म बनाया जाएगा।

इससे मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। अलग मालवाहक प्लेटफार्म होने से कृषि उपज, खाद्यान्न, उर्वरक, निर्माण सामग्री और अन्य औद्योगिक सामानों का परिवहन तेजी से किया जा सकेगा। इससे किसानों, व्यापारियों और उद्यमियों को अपने उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी। जनपद में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।


Powered By Sangraha 9.0