मिठौरा। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरा कल्याण में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सोमवार रात युवक ने ससुराल जाने से मना करने पर पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस दौरान पति और विवाहिता के पिता भी झुलस गए। सूचना पर पहुंची सिंदुरिया पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। विवाहिता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, पिपरा कल्याण निवासी छोटे लाल अग्रहरी की बेटी उर्मिला (30) की शादी ढ़ेड वर्ष पूर्व बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी नीरज (33) से हुई थी। दोनों की एक साल की बेटी अनामिका है। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से अक्सर पति-पत्नी में झगड़ा होने लगा। एक दिन गुस्से में उर्मिला ससुराल छोड़कर मायके चली आई। नीरज ने उर्मिला को फोन पर ससुराल आने के लिए कहा पर वह जाने को तैयार नहीं थी।
सोमवार रात करीब आठ बजे नीरज अचानक पिपरा कल्याण आ गया और उर्मिला को घर चलने को कहा पर उसने मना कर दिया। इससे नीरज गुस्सा हो गया। बताया जा रहा है कि गुस्से में उसने अपनी पत्नी पर साथ लाया मिर्च पावडर झोंक दिया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वहां अलाव ताप रहे छोटेलाल ने तत्काल किसी तरह आग बुझा दी, हालांकि इस दौरान उर्मिला के साथ वह भी जल गए, जबकि आग लगाने के दौरान नीरज भी झुलस गया।
थाना प्रभारी सिंदुरिया राजकुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता के भाई राकेश की तहरीर पर पति नीरज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तीनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।