
महराजगंज। केएमसी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एमबीबीएस प्रथम वर्ष के दो छात्रों से रैगिंग का केस हुआ है। पीड़ित छात्रों ने द्वितीय वर्ष के सात छात्रों पर मारपीट, गाली देने और जूता चटवाने का आरोप लगाया है।
घटना सोमवार शाम की है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। केएमसी मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संकल्प ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
एमबीबीएस प्रथम वर्ष के दो पीड़ित छात्रों की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, सोमवार शाम करीब पांच बजे कॉलेज के एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र स्वप्निल जायसवाल, समर प्रताप सिंह, उन्मेश, उत्कर्ष आनंद, अथर्व गर्ग, उत्कर्ष सिंह और पुल्कित ने उनकी रैगिंग की।
आरोप है कि सीनियर्स ने लात-घूंसे और जूतों से पीटा, गालियां दीं। गार्ड और शिक्षकों के हस्तक्षेप के बाद जूता चटवाकर छोड़ा। जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची पर कॉलेज प्रशासन ने मिलने नहीं दिया।