महराजगंज। जनपद में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। जनपद के चिह्नित 29 ब्लैक स्पाट पर दुर्घटनाओं को रोकने का इंतजाम किया जाएगा। सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशन में आवश्यक कार्य किए जाएंगे।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह यातायात जागरूकता के लिए प्रभावी है। परिवहन विभाग यह प्रयास कर रहा कि विभिन्न विभागों की मदद से यातायात नियमों का न सिर्फ अनुपालन हो बल्कि दुर्घटनाओं की संख्या को कम करने के लिए इंतजाम किए जाएं। इसी क्रम में 29 ब्लैक स्पाट चिह्नित किए गए हैं।
इन ब्लैक स्पाट पर जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति के निर्देश पर रबलिंग स्ट्रिप, शाइनेज व डिजिटल संकेतकों के बोर्ड लगाए जाएंगे। ताकि सर्वाधिक दुर्घटना वाले स्थानों पर पहुंचने पर वाहन चालक सतर्क हो जाएं और वाहन पर नियंत्रण रखें। इससे दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सकता है।