Maharajganj News : दिन में खोदी सड़क, शहर जाम में कैद! NH-730S चौड़ीकरण बना महराजगंज की सबसे बड़ी परेशानी

21 Jan 2026 11:23:32

महराजगंज। महराजगंज शहर में निचलौल रोड पर एनएच-730एस के चौड़ीकरण में निर्माण एजेंसी की मनमानी ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कार्यदायी संस्था द्वारा रात के बजाय दिन में ही मशीनों से काम कराए जाने के कारण शहर के प्रमुख चौराहों व गलियों में पल-पल जाम लग रहा है।

स्कूल जाने वाले बच्चे, दफ्तर पहुंचने वाले कर्मचारी व मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस तक जाम में फंसने को मजबूर हैं। निचलौल रोड पर चल रहे निर्माण के चलते मऊपाकड़ चौराहे से चौक व चिउरहा जाने वाले मार्ग को रोक दिया गया है। इससे वैकल्पिक रास्तों पर अचानक दबाव बढ़ गया है।

उद्योग केंद्र चौराहा, नगर का मुख्य चौराहा व बस स्टेशन के पास शहीद बाबा की गली में दिन भर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। मऊपाकड़ की मंगरहिया बाजार गली भी जाम की स्थिति से जूझ रही है। प्रवीण सिंह का कहना है कि कार्यदायी संस्था के कर्मी आवागमन बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने के बजाय आंख मूंदे बैठे हैं।

यह भी पढ़ें : घर लौट रही युवती के साथ हुई सरेराह ये हरकत, FIR दर्ज

आवागमन को सामान्य बनाए रखने में उनका कोई सहयोग नहीं दिख रहा है। ट्रैफिक पुलिस की तैनाती है, लेकिन जाम रोकने में वह भी कभी-कभी असहाय नजर आ रहे हैं। वैकल्पिक डायवर्जन प्लान नहीं तैयार किया गया है। स्कूलों में छुट्टी के समय जाम की स्थिति और विकट हो जा रही है। स्कूली बसें व एंबुलेंस जाम में फंस रहे हैं। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि जाम के कारण ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे रोजाना का कारोबार प्रभावित हो रहा है।

आसपास के मोहल्लों में रहने वाले लोगों को घर से निकलने और लौटने में भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। सिविल लाइन्स के रमेश, सरोजनीनगर के आदित्य व लोहिया नगर के ओम प्रकाश ने निर्माण कार्य दिन के बजाय रात के समय कराने की मांग किया है। दिन में यातायात सुचारू रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने की आवाज उठ रही है।

जिससे शहर को जाम से राहत मिल सके। शहर में एनएच 730 एस के चौड़ीकरण में नाली निर्माण के लिए मऊपाकड़ चौराहा अवरुद्ध है। कार्यदायी संस्था द्वारा रात के बजाय दिन में ही काम करने की शिकायतें मिल रही है। कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों को बुलाकर आवागमन को सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस की प्रमुख प्वाइंट पर ड्यूटी लगा दी गई है।


Powered By Sangraha 9.0