Maharajganj News : जंगल से गांव तक मौत की दहशत: 10 दिन में दो जिंदगियां ले गया तेंदुआ, लोग घरों में कैद होने को मजबूर

22 Jan 2026 10:43:00

निचलौल। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग से सटे रिहायशी इलाकों में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों के जीवन को संकट में डाल दिया है। बीते 10 दिनों के भीतर तेंदुए के हमलों में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अलग-अलग घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

माना जा रहा है कि जंगलों में मानवीय गतिविधियों में वृद्धि और शिकार की कमी के कारण तेंदुए जंगल की सीमाएं लांघकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। इससे पशुधन के साथ-साथ मानव जीवन पर भी खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, सबसे गंभीर घटनाएं शिवपुर, निचलौल और लक्ष्मीपुर वन रेंज क्षेत्रों से सामने आई हैं। शिवपुर वन रेंज से सटे गांव सोहगीबरवा में पशुओं के लिए घास काटने गई किशोरी गुड्डी पर तेंदुए ने हमला कर उसकी जान ले ली। वहीं निचलौल वन रेंज के बढ़या गांव के टोला गेठियहवा में मां को ढूंढने निकली शैरुन निशा को तेंदुए ने हमला कर मार डाला।

इसके अलावा लक्ष्मीपुर वन रेंज क्षेत्र के जंगल से सटे बेलहिया गांव के सिवान में तेंदुए के हमले में पांच लोग घायल हो गए थे। दहशत का सिलसिला यहीं नहीं रुका। 20 जनवरी की आधी रात को मधवलिया वन रेंज के जंगलों के बीच स्थित वन ग्राम कंपार्ट संख्या 24 में एक झोपड़ी में घुसकर तेंदुए ने मां की गोद में सो रही मासूम शिवानी को जबड़े में दबोच लिया।

इधर, निचलौल क्षेत्र के अहिरौली कुड़िया मार्ग पर एक तेंदुआ शावक के साथ चहलकदमी करते देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने इस मार्ग से गुजरने में परहेज करना शुरू कर दिया है। जंगल से सटे कुड़िया और अहिरौली गांवों में लोग शाम ढलते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं।

यह भी पढ़ें : सिविल कोर्ट विस्तार को लेकर बार एसोसिएशन का बड़ा दबाव, 35 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की मांग

लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीण रंजीत, जनार्दन, मुन्ना आदि ने जिला प्रशासन और वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए ठोस कार्रवाई, प्रभावित गांवों में नियमित गश्त और पशुधन व मानव क्षति का शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।

डीएम ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मृत युवती शैरुन निशा के पिता आविद अली से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मौके पर डीएफओ सुर्वे निरंजन राजेंद्र, निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Powered By Sangraha 9.0