Maharajganj News : 3.5 करोड़ का विवाह घर या भ्रष्टाचार की ईमारत ? निर्माण गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

24 Jan 2026 12:54:08


परतावल। विकास खंड परतावल के ग्राम सभा सेमरा चंद्रौली में लगभग 3.5 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे विवाह घर के निर्माण में अनियमितता सामने आ रही है, इसे लेकर ग्रामीणों में गहरी नाराज़गी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानक के विपरीत घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका गहराती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस उद्देश्य से यह विवाह घर बनाया जा रहा है, वह उद्देश्य शुरुआत से ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। निर्माण की गुणवत्ता खराब बताकर भवन की मजबूती को लेकर चिंता जाहिर की जा रही है।

ग्रामीणों ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है। सूरज सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह, अर्जुन यादव, भानु प्रताप सिंह, राजेन्द्र प्रसाद, जवाहिर प्रजापति, चंदन सिंह, अमित आदि ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई गई तो करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाला यह विवाह घर जनता के काम आने से पहले ही जर्जर हो जाएगा। लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए।

ग्राम प्रधान सचिन सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कार्यस्थल का निरीक्षण कर संबंधित ठेकेदार को मानक के अनुरूप निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके ठेकेदार की ओर से निर्देशों की अनदेखी करते हुए मनमाने ढंग से कार्य कराया जा रहा है।

अवर अभियंता गंगाराम ने बताया कि एस्टीमेट के अनुसार निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्राम प्रधान ने शिकायत मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


Powered By Sangraha 9.0