Maharajganj News : क्लासरूम्स खाली, सिस्टम अलर्ट ! प्रेरणा ऐप की जांच में 136 गुरूजी मिले नदारद

29 Jan 2026 11:49:31

महराजगंज। परिषदीय स्कूलों से शिक्षकों की अनुपस्थिति एक बार फिर सुर्ख़ियों में है। 20 दिसम्बर से 20 जनवरी के मध्य स्कूलों में प्रेरणा निरीक्षण एप के जरिये जांच करने पर कुल 136 शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक नदारद मिले।

बीएसए ने 15 दिन के अंदर सभी से साक्ष्य के साथ जवाब मांगा है, अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी दी है। बड़ी संख्या में लोगों के खिलाफ जारी इस नोटिस के कारण बेसिक शिक्षा में हड़कंप मचा हुआ है।

परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी अभी तक नहीं प्रभावी हो सकी है। लेकिन रियल टाइम जांच व फीडिंग की कवायद के लिए प्रेरणा निरीक्षण एप का उपयोग दिसम्बर 2025 से जनपद में शुरू है।

इस एप की खासियत यह है कि एआई फीचर से लैस यह एप सभी बीईओ व जिला समन्वयक के हैंडसेट में अपलोड कराकर विभाग ने यूजर आईडी व पासवर्ड उपलब्ध कराया है। इसके जरिये निरीक्षण के दौरान स्कूल की सभी गतिविधि, अध्यापक व छात्र उपस्थिति, मिडडे मील, कायाकल्प इत्यादि मूल्यांकन फीड किये जाने का प्रावधान है।

यह भी पढ़ें : यूथ की पहली पसंद बनता देसी ब्रांड ! परंपरा से फैशन तक खादी का नया अवतार

जनपद में 20 दिसम्बर 2025 से 20 जनवरी 2026 के बीच बीएसए के निर्देश पर सभी बीईओ व समन्वयकों ने जांच कर अपनी रिपोर्ट विभाग को 27 दिसम्बर सौंपी। रिपोर्ट के मुताबिक कुल 136 स्कूलों में सहायक शिक्षक, अनुदेशक व शिक्षा मित्र अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित रहने वालों में बृजमनगंज ब्लॉक व घुघली ब्लॉक के शिक्षकों की संख्या अधिक है।

बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की तरफ से सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। इस विभागीय कार्रवाई के कारण शिक्षकों में हड़कंप मचा है। यह पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है।


Powered By Sangraha 9.0