Maharajganj News : अंगूठा लगवाया, राशन हड़पा ! जब खुला खेल तो हुआ ससपेंड

30 Jan 2026 13:34:38

परतावल।
क्षेत्र के ग्रामसभा कोटवा में अंगूठा लगवाकर राशन न देने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में हुई जांच के बाद कोटेदार को निलंबित कर दिया गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर क्षेत्रीय खाद अधिकारी महराजगंज ने मौके पर जांच की। जांच में कोटेदार जुगल किशोर द्वारा व्यापक अनियमितता की पुष्टि हुई।

अंत्योदय कार्डधारक राजी, नजमा खातून, नूरजहां, असगरी तथा पात्र गृहस्थी कार्डधारक जमीरुन, निशा, नसीमा, सितारा, आशिया, शबनम, अशर्फी, स्नेहा, हाजरा समेत करीब 30 लोगों ने लिखित बयान देकर बताया कि उनसे अंगूठा लगवाकर भी राशन नहीं दिया जा रहा था।

यह भी पढ़ें : मनरेगा पर सियासी घमासान ! हथियहवा में कांग्रेस की गोष्ठी, BJP पर लगे गंभीर आरोप

जांच के दौरान संबंधित अधिकारी ने कोटेदार से दो माह का स्टॉक रजिस्टर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इस पर कोटेदार द्वारा लगभग एक दर्जन लोगों के नोटरी शपथ पत्र प्रस्तुत किए गए जबकि 18 लाभार्थियों के शपथ पत्र वह प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपों की पुष्टि होने पर जांच आख्या के आधार पर कोटा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

पूर्ति निरीक्षक परतावल ब्रजेश पाण्डेय ने बताया कि कोटवा के कोटेदार को निलंबित कर दिया गया है। आगे से ग्राम पंचायत कोटवा के सभी लाभार्थियों को राशन ग्राम पंचायत पिपरिया के कोटेदार राजेंद्र सोनी द्वारा वितरित किया जाएगा।


Powered By Sangraha 9.0