Maharajganj News : कहीं आपका नाम भी 2003 की सूची में तो नहीं खो गया? मैपिंग नोटिस ने मतदाताओं को उलझाया

31 Jan 2026 12:04:40

नौतनवा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं को जारी मैपिंग नोटिस के समाधान के लिए 2003 की मतदाता सूची को ही निर्धारित किया गया है। ऐसे में वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपनों का नाम तलाशना लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। कई लोग ढूंढने पर भी सूची में परिजनों का नाम नहीं पा रहे हैं। ऐसे में तहसील में लोगों की भीड़ लग रही है।

जानकारी के अभाव में कुछ लोग मतदाता सूची ही नहीं निकाल पा रहे हैं जबकि जिन्हें सूची उपलब्ध भी हो जा रही है वह पूर्वजों का नाम ही नहीं ढूंढ पा रहे हैं। ऐसे में पूरे दिन लोगों को भटकते ही देखा जा रहा है। ज्यादातर लोग बीएलओ को ही दोषी ठहरा रहे हैं।

यह भी पढ़ें : जिला महिला अस्पताल में फरवरी से होगा अब ये काम ! मची होड़

दुर्गावती और वीरेंद्र ने बताया कि कि यदि एसआईआर फार्म भरने के समय बीएलओ ने लापरवाही न की होती तो आज नोटिस लेकर परेशान नहीं होना पड़ता। शुक्रवार को भी मैपिंग नोटिस लेकर पहुंचने वालों की संख्या में वृद्धि देखने को मिली। इस दौरान सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने संबंधित मतदाताओं की नोटिस की सुनवाई कर समाधान बताया और किया।

एसडीएम नवीन प्रसाद ने कहा कि मतदाताओं को घबराने और परेशान होने की जरूरत नहीं है। उनका पूरा सहयोग किया जा रहा है। जिनके पास पर्याप्त दस्तावेज नहीं मिल पा रहे उन्हें भी समय दिया जा रहा है ताकि वह समय रहते आवश्यक प्रमाण प्रस्तुत कर सकें।


Powered By Sangraha 9.0