Maharajganj News : कोहरे में मौत का रास्ता बन रहा हाईवे ! हर मोड़ पर इस वजह से है खतरा

07 Jan 2026 10:53:47

फरेंदा। गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर रात में यात्रा कर रहे हैं तो संभल कर चलें, थोड़ी सी लापरवाही दुर्घटना का कारण बन सकती है। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई है। इसके बावजूद निर्माणाधीन हाईवे पर संकेतांक की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में वाहन चालकों को यात्रा के समय सतर्क रहने की आवश्यकता है।

गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग इन दिनों निर्माणाधीन है। जगह-जगह बैरिकेडिंग किया गया है और कई जगहों पर डिवाइडर भी अधूरे हैं। इसके बावजूद हाईवे पर न तो संकेतक हैं और न ही प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। घने कोहरे में जरा सी चूक हुई तो हादसे से इन्कार नहीं किया जा सकता है। राजमार्ग में ओवरब्रिज बनाया गया है लेकिन सर्विस लेन की हालत खस्ताहाल है।

सर्विस लेन पर भी कोई संकेतांक नहीं लगाया गया है, लोग गिर कर चोटिल हो रहे हैं। ओवरब्रिज से उतरने की कई जगहों पर सबसे अधिक खतरा है। यहां पर भी प्रकाश व संकेतांक की समुचित व्यवस्था नहीं है।

यह भी पढ़ें : रात में बालू, दिन में गड्ढे! 6 महीने पहले बनी सड़क ओवरलोडेड ट्रकों से फिर तबाह

फरेंदा कस्बे के बाईपास पर स्थित ओवरब्रिज के उतरी तरफ सबसे अधिक खतरा है। यहां से उतरते ही अचानक कट मिलता है और दोनों तरफ से आवागमन शुरू है। कोहरे के कारण सामने से आ रहा वाहन भी नहीं दिखता है। दक्षिणी बाईपास पर भी डायवर्जन के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। राजमार्ग के किनारे किया गया बैरिकेडिंग भी कम दिखाई देती है।

परसा महंथ व बनकटी अस्पताल के समीप भी अवैध कट बना हुआ है। यहां से अक्सर मोटरसाइकिल व साइकिल सवार अचानक निकल जाते हैं। वहीं पिपरामौनी, भगवतनगर परसिया व मनिकौरा व रानीपुर के पास भी अवैध कट है।

कई जगहों पर सफेद पट्टी व रोड मार्किंग का अभाव है। ओवरब्रिज के किनारे कई जगहों पर नाली का निर्माण कार्य भी जारी है। इस रास्ते से गुजरने वाले राहगीर भी खतरे का सामना कर रहे हैं।


Powered By Sangraha 9.0