Maharajganj News : कंपकंपी से जमी तराई! शीतलहर के आगे बेबस हो गए हैं लोग, स्कूल भी 10 जनवरी तक बंद
08-Jan-2026
Total Views |
महराजगंज। तराई में कई दिनों से भीषण शीतलहर का प्रकोप जारी है। यह पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ने से तराई के लोग कांप रहे हैं। मौसम का रुख देखकर एक बार फिर 12 वीं तक के स्कूलों का अवकाश बढ़ा दिया गया है। समस्त बोर्ड के स्कूलों को 10 जनवरी तक बीएसए रिद्धि पांडेय के आदेश से बंद रहेंगे।
तीन जनवरी से तराई के महराजगंज जनपद में मौसम सुधरने की जगह बिगड़ता जा रहा है। पछुआ की रफ्तार में बढ़ोतरी के कारण गलन भरी सर्दी में लगातार इजाफा दर्ज हो रहा साथ ही धुंध की स्थिति में भी परिवर्तन नहीं। बुधवार को पछुआ की रफ्तार 12 किमी प्रति घंटा से अधिक रही जिसके कारण गलन भरी सर्दी लोगों को शरीर के भीतर तक उतरती महसूस हुई। स्वैटर गर्म जैकेट व शाल स्वैटर भी लोगों को राहत न दे सके।
अधिकतम तापमान 18 तो न्यूनतम आठ डिग्री रिकार्ड हुआ, लेकिन तापमान का एक अंक बढ़ना सर्दी से निजात दिलाने में अक्षम साबित हुआ। लोगों को राहत सिर्फ अलाव के पास ही मिली, लेकिन राहत तबतक ही मिली जबतक अलाव की समीपता रही, अलाव से उठते ही कंपकंपी का असर महसूस किया गया। दोपहर में भी कोहरा पूरी तरह साफ न होने के कारण शीतलहर के हालात बने रहे।
पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के उपरी क्षोभमंडल में बरकरार है जिसके कारण पहाड़ों की बर्फबारी व तेज पछुआ हवा का क्रम बना हुआ है। 9 जनवरी तक किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं हैं। इसके बाद आंशिक सुधार के संकेत हैं।