महराजगंज। महराजगंज के शिक्षा क्षेत्र से एक बड़ी खुशखबरी सामने आयी है। जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज, महराजगंज में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय का केंद्र खुल गया है। क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी की ओर इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के केंद्र की मान्यता मिली है।
इस केंद्र पर स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के अतिरिक्त पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन में स्नातक की मान्यता भी मिली है।
प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र ने बताया कि महाविद्यालय में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय का शिक्षण केन्द्र स्थापित हो गया है, इसका कोड 48064 है। इससे कामकाजी स्त्री और पुरुषों सहित नियमित पढ़ाई नहीं कर पाने वाले लोगों के लिए कुछ पाठ्यक्रम उपलब्ध हो गए हैं।
इन पाठ्यक्रमों में स्नातक में कला स्नातक, इतिहास में स्नातक, पर्यटन अध्ययन में स्नातक, संस्कृत और शिक्षा शास्त्र विषय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम हिंदी और अंग्रेजी माध्यम से संचालित होंगे। प्राचार्य ने बताया कि केन्द्र के समन्वयक हिन्दी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. विजय आनन्द मिश्र और सह समन्वयक अर्थशास्त्र के सहायक आचार्य डॉ. छट्ठू यादव नियुक्त किए गए हैं।